Dark Mode
फ्रेंच-इंडियन लव स्टोरी में पल्लवी शारदा, ‘स्टे’ में दिखेगा नया अंदाज

फ्रेंच-इंडियन लव स्टोरी में पल्लवी शारदा, ‘स्टे’ में दिखेगा नया अंदाज

मुंबई। अभिनेत्री पल्लवी शारदा एक बार फिर अपनी अलग तरह की कहानी और किरदार के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। वह जल्द ही फ्रेंच-इंडियन रोमांस फिल्म ‘स्टे’ में नजर आएंगी। फिल्ममेकर रोहेना गेरा के साथ यह प्रोजेक्ट पल्लवी के लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों और उनके बीच की भावनात्मक जटिलताओं को समझने का अनुभव भी रहा है।

फिल्म की कहानी सायली नाम की एक तलाकशुदा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत में रहती है और अपने पिता की सफल कंपनी की जिम्मेदारी संभालने की तैयारी कर रही है। उसकी जिंदगी उस वक्त नया मोड़ लेती है, जब पेरिस की यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात लियो से होती है। लियो एक डिलीवरी ड्राइवर है और अभिनेता बनने का सपना देखता है। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्यार पनपता है, लेकिन यह रिश्ता आसान नहीं रहता।

सायली और लियो की प्रेम कहानी के सामने परिवार का दबाव, सामाजिक वर्ग का अंतर और आर्थिक परिस्थितियां बड़ी चुनौती बनकर आती हैं। इसके अलावा भारत और फ्रांस की अलग-अलग सामाजिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि भी दोनों के रिश्ते को प्रभावित करती है। फिल्म इसी रिश्ते के जरिए प्यार, पहचान और दो अलग दुनियाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश को दिखाएगी।

पल्लवी ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी घोषणा साझा करते हुए अपने अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि किसी फिल्म को बनाना और रिलीज करना एक प्रक्रिया है, लेकिन उसके पीछे मौजूद विचार और भावनाएं कलाकारों के साथ लंबे समय तक बनी रहती हैं। रोहेना गेरा के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने महिलाओं के अनुभवों और अलग-अलग देशों व संस्कृतियों के बीच काम करने से जुड़ी कहानियों पर भी गहराई से चर्चा की।

अभिनेत्री के मुताबिक, अलग-अलग संस्कृतियों के बीच लगातार खुद को समझने की कोशिश करना अपने आप में एक अनोखा अनुभव है। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद भी उसका असर बना रहता है। सेट पर काम के बीच मिलने वाले खाली समय में कई बार बेचैनी और खालीपन महसूस होता है, लेकिन उसी दौरान फिल्म और किरदार से जुड़े कई पहलू धीरे-धीरे समझ आने लगते हैं।

पल्लवी ने यह भी महसूस किया कि एक अभिनेता के लिए हर फिल्म सिर्फ कैमरे के सामने निभाया गया किरदार नहीं होती। किसी कहानी में पूरी तरह उतरने के बाद उससे बाहर आने और उसके अनुभव को समझने के लिए थोड़ा ठहरना भी जरूरी होता है। ‘स्टे’ को लेकर अभिनेत्री का कहना है कि वह अब भी इस फिल्म और अपने किरदार को भीतर से समझने की प्रक्रिया में हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!