आयुष्मान का नया अंदाज, भारत-पाक के बीच झूला!
मुंबई। आयुष्मान खुराना की अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म के मेकर्स ने इसका फर्स्ट लुक जारी कर दिया है, जिसमें आयुष्मान का अंदाज किसी पारंपरिक स्पाई फिल्म के हीरो से काफी अलग नजर आ रहा है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म की कहानी और इसके अनोखे कॉन्सेप्ट को लेकर सोशल मीडिया पर भी उत्सुकता बढ़ गई है।
पोस्टर में आयुष्मान दो मील के पत्थरों के बीच लगे झूले पर आराम से लेटे दिखाई देते हैं। एक तरफ भारत तो दूसरी तरफ पाकिस्तान लिखा हुआ है। उनके हाथ में एक फाइल है, जिस पर ‘टॉप सीक्रेट’ लिखा है। स्पाई फिल्मों में जहां एजेंट को मिशन, पीछा और एक्शन के बीच दिखाया जाता है, वहीं यहां उनका किरदार सीमा के बीच बेफिक्र अंदाज में झूला झूलता नजर आ रहा है।
फिल्म के पोस्टर की सबसे दिलचस्प चीज इसकी टैगलाइन है- ‘देशभक्ति तो याद है... पर देश नहीं।’ मेकर्स ने पोस्ट के जरिए फिल्म में कॉमेडी, एक्शन और जमकर कन्फ्यूजन का संकेत दिया है। यही वजह है कि फर्स्ट लुक को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म जासूसी की कहानी को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में पेश करेगी।
फिल्म में आयुष्मान के साथ सारा अली खान मुख्य भूमिका में हैं। दोनों कलाकार इससे पहले ‘पति पत्नी और वो दो’ में साथ काम कर चुके हैं। अब उनकी जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। हालांकि मेकर्स ने अभी फिल्म की कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन पोस्टर ने इसके जासूसी, एक्शन और कॉमेडी के मिश्रण की झलक जरूर दे दी है।
रिलीज डेट की बात करें तो ‘उड़ता तीर’ पहले 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी। अब इसकी रिलीज कुछ हफ्ते आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
इस फिल्म से आकाश ए कौशिक बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने ही फिल्म की कहानी लिखी और इसका निर्देशन किया है। प्रोडक्शन की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट ने संभाली है। दोनों प्रोडक्शन हाउस पहले भी ‘किल’, ‘ग्यारह ग्यारह’ और ‘द लंचबॉक्स’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं।
फिल्म के निर्माताओं में करण जौहर, आदार पूनावाला, अपूर्वा मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन शामिल हैं। अब फर्स्ट लुक के बाद दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और आयुष्मान-सारा की इस नई जोड़ी पर टिकी है।