हेली शाह ने ‘चुंबक’ में खोजा नया अंदाज
मुंबई। हेली शाह इन दिनों अपनी अपकमिंग स्ट्रीमिंग सीरीज ‘चुंबक’ को लेकर चर्चा में हैं। सीरीज में उनका किरदार ट्विंकल उनके अब तक के काम से काफी अलग बताया जा रहा है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट ने हेली को अपनी कॉमेडी क्षमता को नए तरीके से आजमाने का मौका दिया।
मुंबई के बीकेसी में सीरीज के प्रमोशन के दौरान हेली शाह ने अर्जुन बिजलानी, अनंत जोशी, डेलनाज ईरानी और अमायरा दस्तूर के साथ आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने बताया कि ‘चुंबक’ उनके लिए सिर्फ एक नया प्रोजेक्ट नहीं रहा, बल्कि इसने उन्हें एक कलाकार के रूप में खुद को और समझने का मौका भी दिया।
हेली के मुताबिक, उन्होंने पहले भी कॉमेडी में काम किया है, लेकिन ट्विंकल जैसा किरदार उन्होंने पहले नहीं निभाया। इस भूमिका के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि कॉमेडी उनके लिए एक ऐसी विधा हो सकती है, जिसे वह और बेहतर तरीके से तलाश सकती हैं। उनके अनुसार, मेकर्स ने कलाकारों को कहानी और किरदारों के मुताबिक खुलकर काम करने की आजादी दी, जिससे शूटिंग का अनुभव काफी खास रहा।
एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि ‘चुंबक’ का हिस्सा बनने की खबर उन्हें उस वक्त मिली थी, जब नवरात्रि चल रही थी और वह गरबा खेलने की तैयारी कर रही थीं। मेकर्स का फोन उनके लिए अचानक आया और इसी के साथ इस नए सफर की शुरुआत हुई।
टीवी से ओटीटी तक के अपने सफर पर भी हेली पहले खुलकर बात कर चुकी हैं। टेलीविजन पर लोकप्रियता हासिल करने के बाद दूसरे माध्यमों में काम करने वाले कलाकारों के सामने अपनी पुरानी छवि से बाहर निकलने की चुनौती रहती है। हेली का मानना है कि अलग-अलग फॉर्मेट में काम करने के बावजूद कई कलाकारों को लंबे समय तक ‘टीवी एक्ट्रेस’ के टैग से देखा जाता है।
हालांकि, ‘चुंबक’ हेली के लिए उस छवि से आगे बढ़कर एक अलग रंग दिखाने का मौका है। उनका कहना है कि इस शो की शूटिंग के दौरान उन्होंने खुद को एक कलाकार के तौर पर विकसित होते हुए महसूस किया।
‘चुंबक’ 10 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।