बिग बॉस 20 में काउबॉय बने सलमान, पैपराजी पर भड़के
मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। शो के होस्ट सलमान खान ने नए सीजन की शूटिंग शुरू कर दी है। शूटिंग के लिए सेट पर पहुंचे अभिनेता अपने खास काउबॉय लुक में नजर आए। हालांकि इस दौरान उनका एक अलग अंदाज भी देखने को मिला, जब वह पैपराजी से नाराज दिखाई दिए।
सलमान ने गहरे भूरे रंग की लेदर काउबॉय हैट के साथ नेवी ब्लू टी-शर्ट और ऑलिव ग्रीन वेस्ट पहनी थी। डेनिम, सिल्वर बेल्ट और उनका ट्रेडमार्क फिरोजी ब्रेसलेट इस लुक को पूरा कर रहा था। अभिनेता ने पहले अकेले कैमरों के लिए पोज दिए और बाद में पैपराजी के कहने पर उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
लेकिन इसी दौरान माहौल कुछ बदलता हुआ नजर आया। सामने आए वीडियो क्लिप में सलमान पैपराजी को स्टेज से दूरी बनाए रखने के लिए कहते दिखे। इसके बाद वह कुछ नाराज भी नजर आए। हालांकि उन्हें किस बात पर गुस्सा आया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
वीडियो के एक हिस्से में अभिनेता को यह कहते हुए सुना गया कि यह उनका काम नहीं है और उन्हें कैमरे के सामने आने की जरूरत नहीं है। जब पैपराजी लगातार फोटो के लिए कहते रहे, तो सलमान कुछ चिढ़े हुए अंदाज में ‘फोटो, फोटो, फोटो’ कहते दिखाई दिए।
अब बात करें ‘बिग बॉस 20’ की तो यह हिंदी टेलीविजन के सबसे चर्चित रियलिटी शो का 20वां सीजन है। शो का प्रीमियर 6 सितंबर को होने वाला है और सलमान खान एक बार फिर इसकी कमान संभालते नजर आएंगे।
सलमान खान लंबे समय से ‘बिग बॉस’ की पहचान बने हुए हैं। उन्होंने 2010 में सीजन 4 से शो की मेजबानी शुरू की थी, जब उन्होंने अमिताभ बच्चन की जगह ली थी। इसके बाद वह लगातार शो के प्रमुख होस्ट के तौर पर दर्शकों से जुड़े रहे हैं। हालांकि अलग-अलग मौकों पर संजय दत्त और फराह खान जैसे सितारे भी शो की मेजबानी कर चुके हैं।
‘बिग बॉस’ के फॉर्मेट में प्रतियोगियों को एक खास घर में साथ रखा जाता है, जहां उनकी गतिविधियों पर लगातार कैमरों की नजर रहती है। बाहरी दुनिया से उनका संपर्क सीमित रहता है और घर के भीतर होने वाली घटनाएं ही शो की कहानी को आगे बढ़ाती हैं।