‘असुर 3’ की शूटिंग शुरू, संदीपा ने बढ़ाया सस्पेंस
मुंबई। चर्चित वेब सीरीज ‘असुर’ के तीसरे सीजन को लेकर आखिरकार हलचल तेज हो गई है। अभिनेत्री संदीपा धर ने ‘असुर सीजन 3’ की शूटिंग शुरू कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सेट से कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें शूटिंग की तैयारियों के साथ सीरीज का क्लैपबोर्ड भी दिखाई दे रहा है। इससे नए सीजन की शूटिंग शुरू होने की पुष्टि होती है।
संदीपा ने तस्वीरों के साथ ऐसे कैप्शन लिखे, जिन्होंने कहानी को लेकर रहस्य और बढ़ा दिया है। ‘नई शुरुआत’ और ‘तूफान से पहले की शांति’ जैसे उनके संदेशों ने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि इस बार ‘असुर’ की कहानी किस मोड़ पर पहुंचने वाली है। उनके पोस्ट पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं।
हालांकि संदीपा धर के किरदार से जुड़ी ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है, लेकिन उनकी सीरीज में एंट्री ने उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। ‘असुर’ अपनी कहानी में पौराणिक संदर्भों, मनोविज्ञान और क्राइम इन्वेस्टिगेशन को जोड़ने के लिए पहचानी जाती है। ऐसे में तीसरे सीजन में भी दर्शकों को रहस्य और जांच की एक नई परत देखने की उम्मीद है।
सीरीज की स्टारकास्ट की बात करें तो अरशद वारसी और बरुण सोबती एक बार फिर महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं श्वेता बसु प्रसाद और अहसास चन्ना भी इस सीजन का हिस्सा हैं। गौरव शुक्ला द्वारा क्रिएट की गई इस सीरीज के पिछले सीजनों को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
शूटिंग आगे बढ़ने के साथ ‘असुर 3’ से जुड़ी नई तस्वीरें और अपडेट सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि संदीपा धर का किरदार कहानी में क्या नया मोड़ लेकर आएगा। उनके पोस्ट ने इतना संकेत जरूर दे दिया है कि तीसरे सीजन में सस्पेंस और ट्विस्ट की कमी नहीं रहने वाली।