ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह राजस्थान के अंतर्गत ई-वेस्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन
धौलपुर। ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह राजस्थान के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर धौलपुर पर ई-वेस्ट में कमी विषय पर आधारित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन, अनावश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग में कमी लाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्मिकों एवं प्रतिभागियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उचित निस्तारण करने, पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की शपथ का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, ई-वेस्ट का उचित प्रबंधन करने तथा सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया साथ ही बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित करना रहा। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह के तहत 7 नवम्बर को कूड़ा कम करों विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।