वोट की आकृति में मानव श्रृंखला बनाकर युवाओं ने दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
बारां। पंचायती राज आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने तथा नव पात्र युवाओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के उद्देश्य से जिलेभर में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप शिवेंद्र प्रताप के निर्देशानुसार अटरू स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में स्वीप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मतदान की शपथ दिलाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था के सशक्त आधार भी हैं। इसलिए प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना चाहिए तथा आगामी पंचायती राज आम चुनाव में स्वयं मतदान करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
ईसीआई नेट ऐप से सीखी ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया
भार्गव ने विद्यार्थियों को निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल एप्लीकेशंस की जानकारी देते हुए ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए पात्र युवाओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा अन्य पात्र युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
वोट की आकृति में मानव श्रृंखला बनाकर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान समूह अनुदेशक राकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘वोट’ की आकृति में मानव श्रृंखला बनाकर लोकतंत्र में मतदान के महत्व और शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वयं मतदान करने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कनिष्ठ अनुदेशक लेखराज मीणा, राजेश कुमार योगी, नवल नागर, निक्की कुमावत सहित संस्थान के स्टाफ सदस्य एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव पात्र युवा मतदाताओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करना तथा पंचायती राज आम चुनाव में युवा मतदाताओं की सक्रिय एवं अधिकाधिक सहभागिता बढ़ाकर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को साकार करना रहा