राजस्थान में दिन में गर्मी, रात में बढ़ी ठंड; माउंट आबू सबसे ठंडा
जयपुर। राजस्थान में सर्दी की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। मौसम के इस बदलाव के बीच पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
दिन के तापमान की बात करें तो बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां पारा 37.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा जोधपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़ और पाली में भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि नवंबर में भी पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है।
माउंट आबू में सबसे ज्यादा ठंड
एक तरफ जहां दिन में गर्मी परेशान कर रही है, वहीं रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
सीकर में भी रात का तापमान गिरकर 13.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह और देर रात घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को अब हल्की सर्दी महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव के साथ ठंड का असर और स्पष्ट हो सकता है।
कई जिलों में छाए हल्के बादल, अलवर में कोहरा
शुक्रवार को अजमेर समेत प्रदेश के कुछ जिलों में आसमान पर हल्के बादल दिखाई दिए। अलवर में सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिला। हालांकि, इन मौसमी गतिविधियों के बावजूद राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।
अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अगले एक सप्ताह तक अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी खास उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। ऐसे में फिलहाल राजस्थान में दिन की हल्की गर्मी और रात की ठंड का मिला-जुला असर जारी रहने की संभावना है।