PM मोदी को वुसिक की बधाई, दोस्ती मजबूत करने का दिया संदेश
नई दिल्ली। भारत और सर्बिया के बीच रिश्तों को नई मजबूती देने का संकेत देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक को उनके शुभकामना संदेश के लिए धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, सर्बिया के साथ अपनी मित्रता को बेहद महत्व देता है और आने वाले समय में दोनों देश आपसी सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
दरअसल, राष्ट्रपति वुसिक ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में लंबे समय तक जनता का विश्वास बनाए रखना असाधारण नेतृत्व क्षमता का प्रतीक होता है। वुसिक ने कहा कि मोदी ने अपना जीवन देश की प्रगति और लोगों की सेवा को समर्पित किया है।
सर्बियाई राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली और वैश्विक प्रभाव की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी नेता की पहचान केवल चुनावी जीत या कार्यकाल की अवधि से नहीं होती, बल्कि उसकी सोच, उपलब्धियों और उस विरासत से होती है जो वह आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ता है। उनके मुताबिक, मोदी की दूरदृष्टि और अनुभव उन्हें विश्व स्तर पर सम्मानित नेता बनाते हैं।
वुसिक ने अपनी हालिया मुलाकात को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत आपसी सम्मान और समझ से भरपूर थी। उन्होंने मोदी को ऐसा नेता बताया जो आधुनिक दुनिया की चुनौतियों को समझने के साथ-साथ परंपराओं, राष्ट्रीय पहचान और देशहित को भी प्राथमिकता देता है।
राष्ट्रपति के संदेश का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आभार जताया और कहा कि उन्हें वुसिक की भारत यात्रा और दोनों नेताओं के बीच हुई सार्थक चर्चा की याद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के संबंध आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत होंगे।
गौरतलब है कि 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा किया। 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा करने के साथ वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।