Dark Mode
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सवाई माधोपुर पुलिस की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सवाई माधोपुर पुलिस की कार्रवाई

सवाई माधोपुर। जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, अश्लील, अभद्र एवं भ्रामक टिप्पणियां करने, सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने तथा अपराधियों का महिमामंडन करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध एक माह का विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 20 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक संचालित किया गया। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी श्री राकेश राजौरा (आरपीएस) के निकट पर्यवेक्षण तथा जिला पुलिस सोशल मीडिया सेल की प्रभावी निगरानी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर/एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर आपत्तिजनक गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने तथा अश्लील टिप्पणियों से संबंधित कुल 187 आपत्तिजनक पोस्ट चिन्हित किए गए। इनमें 17 पोस्ट महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अनुचित पाए गए, जिन पर विधिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस थाना खण्डार में 1 तथा पुलिस थाना सवाई माधोपुर ग्रामीण में 2 सहित कुल 3 प्रकरण दर्ज किए गए। इन प्रकरणों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने, अपराधियों का महिमामंडन करने, अश्लील एवं अभद्र टिप्पणियां करने तथा अवैध हथियारों के साथ पोस्ट अपलोड करने जैसे मामलों में 3 असामाजिक तत्वों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। साथ ही 2 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कराने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी ने जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग समाज में शांति, सद्भाव एवं भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से करें। किसी भी आपत्तिजनक, भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली अथवा उकसावे वाली सामग्री को पोस्ट, साझा या फॉरवर्ड न करें।
सामाजिक एवं सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट, वीडियो, फोटो या टिप्पणियां सोशल मीडिया पर अपलोड अथवा साझा करने से बचें। अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों का महिमामंडन करने वाली सामग्री का प्रसार न करें। अश्लील, अभद्र अथवा किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां करने से भी बचें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा अपुष्ट खबर को बिना सत्यापन के फॉरवर्ड या प्रसारित न करें। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाली अथवा अपराध एवं हिंसा को बढ़ावा देने वाली पोस्ट या वीडियो अपलोड न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति, समुदाय या वर्ग के विरुद्ध घृणा, हिंसा अथवा तनाव उत्पन्न करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस ने आमजन से जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोगकर्ता बनने तथा जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!