राजकीय कन्या महाविद्यालय मगरा पूंजला में पोस्टर एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
जोधपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय कन्या महाविद्यालय, मगरा पूंजला में ईएलसी क्लब के तत्वावधान में स्वीप कार्यक्रम के तहत शनिवार को पोस्टर एवं मेहंदी प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। ईएलसी नोडल अधिकारी डॉ. रेणु जांगिड़ ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य निकाय चुनावों के संबंध में मतदाताओं एवं छात्राओं में जागरूकता बढ़ाना है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संतोष जैन ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने मतदान को केंद्र में रखते हुए आकर्षक पोस्टर तैयार किए तथा मतदाता जागरूकता संदेशों पर आधारित मेहंदी डिजाइन बनाईं। डॉ. रेणु जांगिड़ ने छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई। ईएलसी क्लब सदस्य डॉ. हरि सिंह राजपुरोहित ने मतदाता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा डॉ. ईश्वर चंद्र शर्मा ने वोटर हेल्पलाइन ऐप के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पा विश्नोई ने किया। पोस्टर प्रतियोगिता में रवीना ने प्रथम, भानु ने द्वितीय तथा सरस्वती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में भी रवीना प्रथम, भानु द्वितीय एवं सरस्वती तृतीय रहीं। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप प्रभारी श्री इंद्र विक्रम सिंह, श्री मंगला राम पटेल, श्री भवानी सिंह एवं श्री नरेंद्र चौधरी ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रथम बार मतदान करने वाली छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डॉ. अंजु शर्मा, डॉ. चयन मेहता, डॉ. चुनाराम सुथार सहित महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों ने सहभागिता की।