पंचायतीराज आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने मतदान दलों को दिए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के पश्चात मतदान दल केएल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग से निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार बसों द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान केंद्रों पर मतदान दलों के ठहरने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने कहा कि मतदान दल रवाना होने से पूर्व अपनी ईवीएम, मतपेटी एवं निर्वाचन सामग्री की भली-भांति जांच कर लें। किसी भी सामग्री में कमी अथवा तकनीकी समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा मतपेटियों की स्थिति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समय रहते जांच कर लें। उन्होंने कहा कि तृतीय चरण का निर्वाचन बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सराहनीय कार्य किया है। आगामी चरण में भी सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ निर्वाचन कार्य संपन्न कराएं। उन्होंने मतदान दलों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए ईवीएम के माध्यम से मतदान होगा, जबकि 16 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। 16 नवंबर को मतदान समाप्ति के तुरंत बाद सरपंच एवं वार्ड पंच पदों की मतगणना भी की जाएगी। इसके लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कार्मिकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को अपने-अपने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरंतर आकलन एवं फॉलोअप करने को कहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह परमार ने बताया कि चतुर्थ चरण की निर्वाचन प्रक्रिया का संपूर्ण कार्यक्रम 17 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने मतदान दलों को निर्देश दिए कि वे रूट चार्ट के अनुसार निर्धारित बसों से अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचें तथा वहां पहुंचकर उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का जायजा लें। मतदान से पूर्व ईवीएम, मतपेटी एवं निर्वाचन सामग्री की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि डीग पंचायत समिति क्षेत्र में 46 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें कुल 444 वार्ड एवं 153 मतदान केंद्र हैं। यहां पंचायत समिति के 27 तथा जिला परिषद के 6 वार्ड हैं। डीग क्षेत्र में कुल 1 लाख 43 हजार 618 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 67 हजार 97 महिला, 76 हजार 509 पुरुष एवं 12 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां 507 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। इसी प्रकार कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र में 40 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें कुल 430 वार्ड एवं 159 मतदान केंद्र हैं। यहां पंचायत समिति के 27 तथा जिला परिषद के 6 वार्ड हैं। कुम्हेर क्षेत्र में कुल 1 लाख 49 हजार 402 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 70 हजार 423 महिला एवं 78 हजार 979 पुरुष मतदाता शामिल हैं। यहां 832 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार डीग एवं कुम्हेर के कुल 86 ग्राम पंचायत क्षेत्रों में 874 वार्ड एवं 312 मतदान केंद्र हैं। दोनों क्षेत्रों में कुल 2 लाख 93 हजार 20 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।