युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, परीक्षा तनाव से निपटने के बताए तरीके
जयपुर। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP) यूनिट, जयपुर द्वारा जिला नोडल अधिकारी डॉ. गजानंद वर्मा के निर्देशन में उपचार नर्सिंग कॉलेज, मानसरोवर जयपुर में बी.एस. सी. नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों को युवाओं में तनाव एवं भावनात्मक बदलाव पहचानने, परीक्षा तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने, परेशान मित्र की बात सुनकर उसे उचित सहायता पहुंचाने तथा आत्महत्या के चेतावनी संकेतों को पहचानकर समय पर सहायता उपलब्ध कराने के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर डॉ. गजानंद वर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं में मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान करने तथा जरूरतमंद व्यक्ति को उचित मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के महत्व पर जोर देते हुए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि “मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय पर सहायता लेना समझदारी है।”
कार्यक्रम में संजय मित्तल, Psychiatric Nursing Officer, DMHP जयपुर द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक समस्याओं की प्रारंभिक पहचान के प्रति जागरूक किया गया। सत्र में मन दर्पण-2 अभियान के ‘युवा मन’, ‘परीक्षा तनाव प्रबंधन’, ‘आई सपोर्ट माई फ्रेंड’ तथा ‘आत्महत्या रोकथाम हेतु गेटकीपर प्रशिक्षण’ मॉड्यूल के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के आयोजन में मनीष सुनारीवाल (CRA) एवं राम यादव (Ward Assistant) का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।