बूंदी मेडिकल कॉलेज को लेकर बड़ा फैसला, सुविधाएं बढ़ाने पर प्रशासन का फोकस
बूंदी। मेडीकल कॉलेज के सुचारू और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर गुरूवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने मेडीकल कॉलेज प्रशासन के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि मेडीकल कॉलेज में आवश्यकता अनुसार नवीन पदों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव तैयार कर भिजवाए जाएं। कॉलेज के लिए विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर डेडीकेडेट फीडर स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जावे।
उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जावे। इस कार्य में लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जावे। हरियालो राजस्थान के तहत मेडीकल कॉलेज परिसर में अधिकाधिक पौधारोपण कर अभियान की प्रगति बढाई जावे।
उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल संबंधी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल परिसर में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए कार्य योजना बनाकर प्रस्ताव तैयार कर भिजवाए जाएं। मेडीकल कॉलेज में पुलिस चौकी के लिए ट्रोमा सेंटर के साथ ही जमीन आवंटन का प्रस्ताव भी तैयार करवाया जावें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत, मेडीकल कॉलेज प्राचार्य राहुल चंदेल, पीएमओ एल.एन. मीणा, आरएसआरडीसी के अधिकारी मौजूद रहे।