Dark Mode
आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले छह सटोरिए गिरफ्तार

आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले छह सटोरिए गिरफ्तार

जयपुर। आईपीएल-2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में करणी विहार थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) पश्चिम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार लैपटॉप, 21 मोबाइल फोन सहित सट्टेबाजी में प्रयुक्त अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और लाखों रुपए के हिसाब-किताब से जुड़ी सामग्री बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच करणी विहार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि धावास स्थित श्री बालाजी हाईट्स मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के फ्लैट नंबर-105 में अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च वारंट प्राप्त कर फ्लैट पर दबिश दी।

मौके पर आरोपित राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे आईपीएल टी-20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवाते मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमन्त आचार्य (40), नवीन आचार्य (41), पवन आसवानी (35), सन्नी खटवानी (32), हीरा सिंह (32) और संजय शेरा (33) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपित जोधपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित मोबाइल फोन और जूम एप्लीकेशन के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर अंकों के आधार पर रुपए दांव पर लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से चार लैपटॉप, 21 मोबाइल फोन, सात नोटबुक तथा सट्टे से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सट्टेबाजी के आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!