नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : जयपुर ग्रामीण पुलिस ने जलाए लाखों के मादक पदार्थ
जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के 16 मामलों में जब्त 19.43 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया। ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में गांजा, डोडा पोस्त, एमडीएमए और नशीली गोलियों सहित जब्त सामग्री को आग लगाकर नष्ट किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि कार्रवाई ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की निगरानी में की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रजनीश पूनियां, पुलिस निरीक्षक (अपराध) महेंद्र सिंह, अपराध शाखा एवं संबंधित थानों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शाहपुरा, चंदवाजी, फागी, रेनवाल, कालाडेरा, जमवारामगढ़ और सामोद थाना क्षेत्रों से संबंधित 16 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 36 किलो 74 ग्राम गांजा, 44 किलो 870 ग्राम डोडा पोस्त छिलका, 7 ग्राम एमडीएमए तथा 203 नशीली गोलियां शामिल थीं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत 19 लाख 43 हजार 35 रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण कर यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।