बर्थडे पार्टी में खूनी खेल, थप्पड़ के विवाद में दोस्त की हत्या
जयपुर: राजधानी जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की रात एक जन्मदिन पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। आतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब में हुए विवाद के दौरान अन्नू गुर्जर (25) की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पार्टी में मौजूद एक युवती को थप्पड़ मारने के बाद विवाद शुरू हुआ। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अन्नू गुर्जर पर रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से कई वार कर दिए।
घटना के बाद आरोपी ही घायल अन्नू को जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वजह केवल थप्पड़ मारने का विवाद था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि मृतक अन्नू गुर्जर धौलपुर जिले के बसेड़ी का रहने वाला था और जयपुर में पढ़ाई कर रहा था। वह अपने ममेरे भाई कुलदीप उर्फ कल्लू गुर्जर की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने इक्का क्लब पहुंचा था।
तीन आरोपी हिरासत में, फरार बदमाशों की तलाश
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर, कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर को हिरासत में लिया है। वहीं आकाश उर्फ क्षेत्रपाल, हनी गुर्जर और गजेंद्र गुर्जर सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस क्लब के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और पार्टी में मौजूद लोगों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
ओपन जेल से जयपुर पहुंचे थे सजायाफ्ता कैदी
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल भरतपुर ओपन जेल से जुड़े दो सजायाफ्ता कैदियों की मौजूदगी को लेकर खड़ा हुआ है। जांच में पता चला कि कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर भरतपुर ओपन जेल के बंदी हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों रविवार को प्रताप नगर पहुंचे थे और इसके बाद कुछ लोगों से मुलाकात करने के बाद इक्का क्लब पहुंचे। कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर चर्चित गोल्डी हत्याकांड और जयपुर जेल में पाकिस्तानी नागरिक सकरुल्ला की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
राजेश गुर्जर भी गंभीर अपराध में सजा काट रहा है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों कैदी जेल से बाहर निकलकर जयपुर कैसे पहुंचे और किन लोगों के संपर्क में थे।
क्लब में थी मुख्य आरोपी की हिस्सेदारी
मानसरोवर थानाधिकारी लखन सिंह खटाना ने बताया कि मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर भरतपुर के चर्चित डॉक्टर दंपती हत्याकांड का आरोपी है और फिलहाल जमानत पर बाहर है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस इक्का क्लब में हत्या हुई, उसमें अनुज गुर्जर की पार्टनरशिप भी है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
जांच में अब तक मृतक अन्नू गुर्जर का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वह पढ़ाई के सिलसिले में जयपुर रह रहा था और रिश्तेदार की पार्टी में शामिल होने आया था।
ओपन जेल व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस ने भरतपुर ओपन जेल प्रशासन से दोनों कैदियों की गतिविधियों को लेकर जानकारी मांगी है। देर रात जयपुर के एक क्लब में सजायाफ्ता कैदियों की मौजूदगी ने ओपन जेल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों कैदी जेल से बाहर कैसे आए, जयपुर आने की अनुमति थी या नहीं और हत्या की वारदात में उनकी क्या भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।