आईसीयू में शर्मनाक हरकत : महिला मरीज से छेड़छाड़, कर्मचारी गिरफ्तार
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में एक निजी अस्पताल के आईसीयू से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां भर्ती एक महिला मरीज के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में अस्पताल के एक कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना साबरमती क्षेत्र के मेटिस अस्पताल की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 27 जनवरी को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद आरोपी की पहचान इंद्रजीत राठौड़ के रूप में हुई, जो चमनपुरा इलाके का रहने वाला है और अस्पताल में कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि महिला वैवाहिक विवादों के कारण मानसिक तनाव में थी और उसने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां वह दवाइयों के प्रभाव में अर्धचेतन अवस्था में थी।
पीड़िता का आरोप है कि इसी कमजोर स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी तड़के उसके पास पहुंचा और उसके साथ गलत हरकत करने लगा। जब महिला को होश आया और उसने विरोध किया, तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति के कारण वह तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। करीब तीन महीने बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया।
जांच के दौरान पीड़िता के पिता ने अस्पताल से सीसीटीवी फुटेज मांगा था। आरोप है कि शुरुआत में अस्पताल प्रशासन ने इसे देने में टालमटोल की। बाद में पुलिस ने फुटेज और रिकॉर्ड खंगालकर आरोपी की पहचान की।
साबरमती पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर वाई.आर. वाघेला ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसकी पृष्ठभूमि की भी जांच हो रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही तो नहीं बरती गई। मामले ने मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।