Dark Mode
अंपायर से बहस पड़ी भारी, पोलार्ड पर लगा जुर्माना

अंपायर से बहस पड़ी भारी, पोलार्ड पर लगा जुर्माना

मुंबई। मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच हुए मुकाबले में पोलार्ड को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने का दोषी पाया गया है। मैच फीस के साथ-साथ पोलार्ड के खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। दरअसल, मुंबई इंडियंस की पारी के 19वें ओवर में पोलार्ड चौथे अंपायर से बहस करते हुए नजर आए थे। इस दौरान पोलार्ड ने अंपायर को अपशब्द भी कहे। पोलार्ड ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन किया है, जो खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के खिलाफ मैच के दौरान 'अभद्र भाषा' के इस्तेमाल से जुड़ा हुआ है। आईपीएल ने शुक्रवार को जारी किए एक बयान में कहा, "मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने के लिए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला है। पोलार्ड को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 को तोड़ने का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान सुनाई देने वाली अभद्र भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा हुआ है। यह घटना दूसरी पारी के 19वें ओवर में हुई जब पोलार्ड ने चौथे अंपायर के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पोलार्ड ने अपनी गलती मानते हुए मैच रेफरी पंकज धर्माणी द्वारा सुनाई गई सजा को स्वीकार कर लिया है।" गुरुवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीबीकेएस ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 200 रन लगाए। टीम की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 57 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, एमआई ने तिलक वर्मा द्वारा खेली गई 33 गेंदों में नाबाद 75 रनों की तूफानी पारी के बूते 201 रनों के लक्ष्य को 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!