बनासकांठा में पीएम मोदी का रोड शो, लोगों ने फूलों से किया स्वागत
बनासकांठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के दौरान शुक्रवार सुबह बनासकांठा में उत्साह का माहौल नजर आया। प्रधानमंत्री ने जिले में रोड शो किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई दिए और उन्होंने हाथ हिलाकर तथा फूलों से उनका स्वागत किया।
रोड शो के बाद पीएम मोदी भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर के पशु फार्म पहुंचे। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रधानमंत्री का यह दौरा 30 और 31 अक्टूबर के दो दिवसीय गुजरात कार्यक्रम का हिस्सा है।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करने का कार्यक्रम भी है। इसके तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जाने हैं।
कांकरेज गाय के संरक्षण और नस्ल सुधार पर फोकस
दौरे का प्रमुख कार्यक्रम भिलड़ी में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर को राष्ट्र को समर्पित करना है। करीब 127 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस केंद्र को पशु प्रजनन, नस्ल सुधार और आधुनिक प्रजनन तकनीकों के लिए उत्कृष्टता केंद्र के रूप में तैयार किया गया है।
यह कांकरेज गाय की नस्ल के लिए देश में अपनी तरह का पहला केंद्र बताया जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, यहां उन्नत तकनीकों के इस्तेमाल से नस्ल सुधार की प्रक्रिया 10 से 20 गुना तक तेज होने की उम्मीद है। पीएम मोदी ने दौरे से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि यह केंद्र प्रति पशु दूध उत्पादन बढ़ाने, नस्ल की गुणवत्ता सुधारने और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मददगार होगा। इससे देशी पशु नस्लों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
गोबर से बायो सीएनजी बनाने वाले प्लांट की नींव
प्रधानमंत्री बनास डेयरी के दो बायो सीएनजी प्लांट का भी शिलान्यास करेंगे। ये प्लांट थराद और राधनपुर में स्थापित किए जाएंगे। इनकी प्रतिदिन गोबर प्रसंस्करण क्षमता क्रमशः 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन होगी। इन परियोजनाओं के जरिए पशु अपशिष्ट का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मेट्रो, सड़क और आंगनवाड़ी से जुड़ी परियोजनाएं भी एजेंडे में
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अहमदाबाद मेट्रो का एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी की ओर विस्तार भी शामिल है। इसके अलावा अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने की परियोजना पर काम किया जाएगा। इस सड़क परियोजना की लागत करीब 2,600 करोड़ रुपये बताई गई है।
गुजरात में 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्र विकसित करने की योजना भी कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके साथ ही कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी हो चुकी 521 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी। इन परियोजनाओं पर लगभग 4,950 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
दो नई रेल सेवाओं को भी दिखाएंगे हरी झंडी
रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इन सेवाओं से यात्रियों को आवागमन के नए विकल्प मिलेंगे।
गुजरात दौरे के अंतिम चरण में पीएम मोदी नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचेंगे। यहां वे ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के तहत आयोजित ‘एकता प्रकाश पर्व’ में भी शामिल होंगे।