पंचायतीराज आम चुनाव-2026: चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक
सवाई माधोपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत जिले की चौथ का बरवाड़ा, सवाई माधोपुर, वजीरपुर एवं गंगापुर सिटी पंचायत समितियों में होने वाले निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं संबंधित विकास अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए वहां विशेष निगरानी एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर एवं एरिया मजिस्ट्रेट, मतदान दलों तथा रिजर्व मतदान दलों के आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा। डाक मतपत्र से मतदान के लिए गठित टीमों की नियुक्ति एवं कार्ययोजना भी समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग करवाने तथा आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों को उपलब्ध करवाई जाने वाली निर्वाचन सामग्री की जांच, रिजर्व ईवीएम को सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से मतदान केंद्रों तक पहुंचाने तथा मशीन में खराबी आने की स्थिति में तत्काल बदलने की प्रभावी व्यवस्था रखने पर जोर दिया। उन्होंने मतदान दिवस पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं का समयबद्ध संप्रेषण सुनिश्चित करने तथा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा मतदान केंद्रों पर स्काउट गाइड एवं एनएसएस स्वयंसेवकों के सहयोग की व्यवस्था पर भी जोर दिया। मतगणना की तैयारियों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा:- बैठक में पंचायत समिति गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर में स्थापित किए जाने वाले इंटरमीडिएट स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पंच एवं सरपंच पदों के नाम निर्देशन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, बैलेट पेपर तैयार करने के लिए आरक्षित मतदान दलों के उपयोग तथा मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सरपंच पद की मतगणना के लिए आवश्यक गणना टेबलों एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था पूर्व में ही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलैन्द्र सिंह, चुनाव शाखा प्रभारी हनुमान जैन, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं चारों पंचायत समितियों के विकास अधिकारी उपस्थित रहे।