Dark Mode
38 लाख की चोरी का मास्टरमाइंड दबोचा, ‘फौजी’ की नई साजिश भी बेनकाब

38 लाख की चोरी का मास्टरमाइंड दबोचा, ‘फौजी’ की नई साजिश भी बेनकाब

Jaipur : झोटवाड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कुख्यात नकबजन सतपाल सिंह उर्फ फौजी और उसके सहयोगी पवन कुमार तंवर को गिरफ्तार कर चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।

मामला झोटवाड़ा इलाके में एक सूने फ्लैट में हुई बड़ी चोरी से जुड़ा है। आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर 38.66 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण चुरा लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी सतपाल फौजी हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, फायरिंग, मारपीट और नकबजनी जैसे 72 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है और इसी वर्ष फरवरी में जमानत पर रिहा हुआ था।

पूछताछ में सामने आया कि जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से सक्रिय होकर कई राज्यों में चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया। उसके साथी पवन कुमार के खिलाफ भी विभिन्न राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।

जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ। पुलिस को पता चला कि सतपाल अपनी पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने के लिए विशेष आर्टिफिशियल मुखौटा तैयार करवा रहा था। इसके लिए उसने अग्रिम भुगतान भी कर दिया था। पुलिस का मानना है कि वह भविष्य में हुलिया बदलकर वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह पहले सूने मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। इसके बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर भेष बदलकर चोरी को अंजाम देता था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो जाता था।

जांच में करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी टीम और पुलिसकर्मियों की सतर्कता से गिरोह का सुराग मिला और आखिरकार दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

पुलिस अब आरोपियों से अन्य राज्यों में हुई वारदातों और चोरी के बाकी सामान के बारे में पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में गिरोह की गतिविधियां राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, पंजाब, मध्यप्रदेश और दक्षिण भारत के कई राज्यों तक फैली होने की जानकारी सामने आई है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!