Dark Mode
मेडिकल स्टोर पर छापा, 196 नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार

मेडिकल स्टोर पर छापा, 196 नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार

Jaipur : नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शन बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में इंजेक्शन बरामद किए हैं।

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर से नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ड्रग्स विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।

इसके बाद ड्रग्स इंस्पेक्टर पूनम महेंद्र और पुलिस टीम ने ओम शिव नगर स्थित ‘नारायणी मेडिकल’ पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोर के काउंटर की दराज में छिपाकर रखे गए 196 एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान संचालक विनोद सैनी निवासी जयसिंहपुरा खोर को मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मेडिकल स्टोर की आड़ में इन इंजेक्शनों की अवैध बिक्री कर रहा था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को ये इंजेक्शन कहां से प्राप्त हुए और वह इन्हें किन लोगों तक पहुंचा रहा था। जांच का फोकस सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों की पहचान पर भी है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, कांस्टेबल ओमेश कुमार, गंगाधर, प्रदीप कुमार और रतनलाल सहित पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!