Dark Mode
लालकृष्ण आडवाणी ICU में भर्ती, अपोलो अस्पताल ने दिया हेल्थ अपडेट

लालकृष्ण आडवाणी ICU में भर्ती, अपोलो अस्पताल ने दिया हेल्थ अपडेट

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से शनिवार को जारी जानकारी के मुताबिक, 98 वर्षीय आडवाणी फिलहाल आईसीयू में हैं। उनकी हालत स्थिर बताई गई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।

अस्पताल में उनका इलाज वरिष्ठ न्यूरोलॉजी सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, आडवाणी को शुक्रवार देर शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था। उनके भर्ती होने की खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार सुबह अपोलो अस्पताल पहुंचकर आडवाणी का हाल जाना। उन्होंने उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ली। फिलहाल, अस्पताल की ओर से उनकी स्थिति स्थिर होने की बात कही गई है और इलाज जारी है।

आडवाणी को उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पहले भी अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। इसी साल मई में उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया था। कुछ दिनों तक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया था। उस समय भी डॉ. विनीत सूरी उनकी देखरेख कर रहे थे।

राजनीति में लालकृष्ण आडवाणी का लंबा और अहम योगदान रहा है। उन्हें भाजपा के सबसे अनुभवी नेताओं में गिना जाता है। उन्होंने तीन अलग-अलग अवधियों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वे 1986 से 1990, 1993 से 1998 और 2004 से 2005 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।

अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार में भी आडवाणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में काम किया। इसके बाद 2002 से 2004 तक वे देश के उप प्रधानमंत्री रहे। इसके अलावा, उन्होंने अलग-अलग अवधियों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई।

आडवाणी को भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और राष्ट्रीय राजनीति में पार्टी की भूमिका मजबूत करने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल किया जाता है। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव के चलते पार्टी में उनका विशेष स्थान रहा है।

फिलहाल, आडवाणी अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी हालत स्थिर होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थक और पार्टी के नेता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आगे की स्वास्थ्य जानकारी के लिए अस्पताल की ओर से जारी होने वाले अपडेट पर नजर रहेगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!