झालावाड़: राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ, ‘नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान’ का संदेश देती जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ
जिला कलक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने पी जी कॉलेज में आयोजित प्रदर्शनी में विभागों की स्टॉल्स का किया अवलोकन, 18 दिसम्बर तक आयोजित होगी प्रदर्शनी
झालावाड़। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को राजकीय पी जी कॉलेज ऑडिटोरियम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई जिला स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ और जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, विभिन्न जनोपयोगी उपकरणों एवं उत्पादों, नवाचारों एवं उपलब्धियों का अवलोकन किया। जिला कलक्टर श्री राठौड़ सहित अतिथियों ने नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान‘‘ का संदेश देती विकास प्रदर्शनी में राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों, योजनाओं से संबंधित प्रकाशन, विकास कार्यों के मॉडल, सहित महत्वपूर्ण सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने उपयोगी सूचनाओं से सुसज्जित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी की सराहना की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को योजनाओं की प्रति जागरूक किया जाए, जिससे विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति की ओर तेजी से आगे बढ़ा जा सके।
’जिला विकास पुस्तिका का विमोचन’
जनसंपर्क अधिकारी हेमन्त छीपा ने बताया कि इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झालावाड़ द्वारा तैयार की गई जिला विकास पुस्तिका का विमोचन जिला कलक्टर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस पुस्तिका में जिले में गत दो वर्षों के दौरान राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों को सुव्यवस्थित एवं संक्षिप्त रूप में संकलित किया गया है। यह विकास पुस्तिका आमजन को जिले के समग्र विकास की स्पष्ट जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सरकार की विकासात्मक सोच और कार्यों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करती है। इस अवसर पर नगर परिषद झालावाड़ के सभापति प्रदीप सिंह राजावत, पंचायत समिति झालरापाटन की पूर्व प्रधान भावना झाला, महिला मोर्चा की ज़िलाध्यक्ष रंजिता पांडे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, विभागीय स्टॉल्स पर सभी जिला स्तरीय विभागों के अधिकारीगण एवं आमजन भी मौजूद रहे। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी पशुपालन, सहकारिता, जल संसाधन एवं पीएचईडी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, श्रम, ऊर्जा, खान एवं भू-विज्ञान, सार्वजनिक निर्माण, स्वायत्त शासन, नगरीय विकास, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, उद्योग एवं वाणिज्य, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गृह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आयोजना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, वन, पर्यटन सहित अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों को फोटो स्टैंडी के माध्यम से दर्शाया गया है। इस प्रदर्शनी से आमजन को सरकार के कल्याणकारी फैसलों, कार्यक्रमों, नीतियों और योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी। यह जिला स्तरीय प्रदर्शनी 18 दिसम्बर तक आयोजित होगी, जिसमें आमजन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक विजिट कर सकेंगे।
’विद्यार्थियों ने भी देखी प्रदर्शनी’
जिला स्तरीय प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान छात्रा दिया कुमारी ने बताया कि यह प्रदर्शनी हम युवाओं को राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा किए गए विकास कार्यों, नवाचारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने में सहायक है। प्रदर्शनी में जिले में किए गए विकास कार्यों को चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
’दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण’
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव ने बताया कि इस अवसर पर विभाग के माध्यम से अतिथियों द्वारा 30 पात्र दिव्यांगजनों को स्कूटी का वितरण किया गया। स्कूटी पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने दिव्यांगजनों के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में इस योजना को महत्वपूर्ण बताया।