Dark Mode
पारिवारिक विवाद ने ली दो भाइयों की जान

पारिवारिक विवाद ने ली दो भाइयों की जान

भरतपुर। डीग जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र के बादीपुर गांव में सोमवार रात पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब घरेलू झगड़े के बाद नाराज महिला कुएं में कूद गई। पत्नी को बचाने के प्रयास में पति ने भी कुएं में छलांग लगा दी। इसके बाद छोटे भाई और बहन ने भी कुएं में कूदकर जान बचाने की कोशिश की।

इस दर्दनाक घटना में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी ननद की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीण जल सिंह के अनुसार, गांव निवासी रविंद्र (26) के घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी महिंद्रा गुस्से में घर से चिल्लाते हुए निकली और करीब 250 मीटर दूर स्थित कुएं में कूद गई। पत्नी को बचाने के लिए रविंद्र तुरंत उसके पीछे भागा और बिना देर किए कुएं में छलांग लगा दी।

भाई को कुएं में कूदता देख रविंद्र का छोटा भाई तेजू (21) और बहन खुशबू भी बचाव के लिए कुएं में उतर गए।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सियों की सहायता से चारों को कुएं से बाहर निकाला। गंभीर हालत में सभी को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रविंद्र और तेजू को मृत घोषित कर दिया।

वहीं महिंद्रा और खुशबू को गंभीर हालत में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद माना जा रहा है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!