झालावाड़ जेल पहुंचे कलेक्टर, बंदियों से सीधे पूछे हालात
झालावाड़। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरुवार को जिला कारागृह का वार्षिक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरकों, रसोईघर, चिकित्सालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने उनके मुकदमों की स्थिति, न्यायालयीन प्रक्रिया और जेल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बंदियों से फीडबैक भी प्राप्त किया।
जिला कलक्टर ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
उन्होंने कारागृह परिसर में साफ-सफाई, शौचालयों की नियमित देखरेख और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अनुशासन और निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने पर बल दिया।
जिला कलक्टर ने बंदियों के पुनर्वास को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने जेल प्रशासन को कौशल विकास, शिक्षा, पुस्तकालय, योग, ध्यान और खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि बंदियों के व्यक्तित्व विकास और समाज की मुख्यधारा में उनकी पुनर्स्थापना के प्रयास मजबूत हो सकें।
निरीक्षण के दौरान बंदियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें भी जिला कलक्टर के सामने रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए पात्र मामलों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।