जुनून और क्षमता के संतुलन से ही मिलती है करियर में सफलता : सुराणा
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा एवं पुलिस अधीक्षक की विशेष पहल पर जिला कलक्टर आवास पर आयोजित हुआ पुस्तक संवाद कार्यक्रम; पुस्तकालय अभिरुचि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को किया सम्मानित
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा की अभिनव पहल पर रविवार को जिला कलक्टर आवास पर पुस्तक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेभर के विद्यालयों से पुस्तकालय अभिरुचि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद किया तथा करियर मार्गदर्शन प्रदान किया। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पूछे और जीवन में बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि करियर में सफलता के लिए ability और passion दोनों जरूरी हैं — passion का अर्थ है वह कार्य जो आपको आनंद देता हो, चाहे वह खेल हो, नृत्य हो या कोई अन्य विधा, और ability का अर्थ है आपकी कार्यकुशलता एवं परिश्रम की क्षमता। इन दोनों के संतुलन से ही करियर में वास्तविक सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ परिवार के कहने पर नहीं, बल्कि स्वयं की मौलिक सोच से भी करियर का निर्णय लेना चाहिए तथा role clarity होनी चाहिए कि आखिर करना क्या है। उन्होंने भारत की soft power — संस्कृति, परंपराएं, कला, संगीत, पहनावा जैसे क्षेत्रों में निजी क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने सरदारशहर के राउमावि रूपालीसर के कक्षा 12 के विद्यार्थी प्रदीप सुथार से कृषि से जुड़े स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विशेष संवाद किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अध्यापक की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि एक शिक्षक अपने जीवनकाल में 5 से 6 हजार बच्चों को सही राह दिखाता है — यह समाज में सबसे बड़े योगदानों में से एक है। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने विद्यार्थियों से कहा कि ग्लैमर के पीछे न भागें, बल्कि स्पष्ट करें कि आपको क्या पसंद है और किस क्षेत्र में जाना है, क्योंकि पूरी जिंदगी उसी काम में गुजारनी होगी। उन्होंने देश के लिए कुछ करने की भावना के साथ-साथ आजीविका का भी ध्यान रखने तथा job creator बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने NDA की तैयारी के बारे में भी मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षु आईपीएस अभिजीत पाटिल ने UPSC की तैयारी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि समग्र व्यक्तित्व का विकास जरूरी है, सोर्सेज न्यूनतम रखें, मूल किताबें पढ़ें, नियमित समाचार पत्र पढ़ें और निरंतरता बनाए रखें। कार्यक्रम में पुस्तकालय अभिरुचि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षक वर्ग में जिला स्तर पर सरदारशहर ब्लॉक की राउमावि जयसंगसर की विमला प्रथम, चूरू ब्लॉक की राउमावि कोटवाद ताल की ऊर्मिला द्वितीय तथा राजगढ़ ब्लॉक की राउमावि चैनपुरा छोटा के विनोद कुमार सुवटा तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थी वर्ग में जिला स्तर पर रतनगढ़ ब्लॉक की राउमावि लाछड़सर की कक्षा 12 की लक्ष्मी बाजिया प्रथम, तारानगर ब्लॉक की MGGS नवीन तारानगर की कक्षा 10 की कंचन वर्मा द्वितीय तथा सुजानगढ़ ब्लॉक की राउमावि डुंगरास अगूणा की कक्षा 11 की स्नेहा प्रजापत तृतीय स्थान पर रहीं। ब्लॉक स्तर पर रतनगढ़ में अदिति शर्मा प्रथम, गरिमा द्वितीय; राजगढ़ में प्रिया प्रथम, खुशी द्वितीय, जोया खान तृतीय; तारानगर में आरजू प्रथम, रामगोपाल जोशी द्वितीय; सुजानगढ़ में विनीता कंवर प्रथम, पूनम कंवर राठौड़ द्वितीय; चूरू में गुंजन प्रथम, वंदन कंवर द्वितीय, खुशी शर्मा तृतीय; सरदारशहर में संगम प्रथम, दुर्गा शर्मा द्वितीय, प्रदीप सुथार तृतीय तथा बीदासर में चन्द्र प्रकाश प्रजापत प्रथम, सीता सीमार द्वितीय एवं शिवपाल केवटिया तृतीय स्थान पर रहे। इस दौरान डॉ घनश्यामनाथ कच्छावा, सीडीईओ डॉ संतोष कुमार महर्षि, गोविंद सिंह राठौड़, पीआरओ सूर्यकान्त कुमावत, सहित अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।