Dark Mode
FCM इंजेक्शन से बदली गर्भवती की जिंदगी, एनीमिया पर मिली जीत

FCM इंजेक्शन से बदली गर्भवती की जिंदगी, एनीमिया पर मिली जीत

जयपुर। समय पर जांच और उचित उपचार से एनीमिया जैसी समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इसका उदाहरण जयपुर जिले के बड़वा गांव की सात माह की गर्भवती कल्पना जोगी हैं, जिनके स्वास्थ्य में एफसीएम (FCM) इंजेक्शन के बाद उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि कल्पना जोगी पिछले कुछ समय से लगातार कमजोरी और थकान महसूस कर रही थीं, जिससे उनकी दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। जांच में उनके शरीर में आयरन की कमी की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें एफसीएम इंजेक्शन लगाने की सलाह दी।

उपचार के बाद उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। धीरे-धीरे कमजोरी और थकान कम हुई, ऊर्जा का स्तर बढ़ा और वे पहले की तरह सामान्य दिनचर्या आसानी से निभाने लगीं।

कल्पना जोगी ने बताया कि एफसीएम इंजेक्शन लगवाने के बाद वह पहले की तुलना में अधिक स्वस्थ, ऊर्जावान और आत्मविश्वास से भरपूर महसूस कर रही हैं। उनके अनुसार, समय पर जांच और सही इलाज मिलने से उन्हें काफी राहत मिली।

सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में खून की कमी (एनीमिया) सामने आती है तो चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एफसीएम उपचार लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह उपचार सुरक्षित और प्रभावी है तथा सरकारी अस्पतालों में पात्र मरीजों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, संतुलित आहार और समय पर उपचार से मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!