Dark Mode
राजस्थान में मानसून की दमदार वापसी, 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून की दमदार वापसी, 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 20 से 25 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी राजस्थान में 20 से 25 जुलाई तक और पश्चिमी राजस्थान में 21 से 24 जुलाई के बीच भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कई क्षेत्रों में लगातार वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है।

20 जुलाई को जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के अनेक इलाकों में बारिश की संभावना है। वहीं 21 से 25 जुलाई के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है।

मौसम विभाग ने फिलहाल 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें हनुमानगढ़, डीडवाना-कुचामन, चूरू, टोंक, सीकर, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, खैरथल-तिजारा, करौली, झुंझुनूं, झालावाड़, जयपुर, धौलपुर, डीग, दौसा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, बारां, अलवर और अजमेर शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

कोटा जिले में रविवार सुबह मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी से लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि जिले में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।

21 जुलाई के लिए विभाग ने 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, खैरथल-तिजारा, करौली, झालावाड़, धौलपुर, डीग, दौसा, बूंदी, भरतपुर, बारां और अलवर शामिल हैं। इसके अलावा 21 अन्य जिलों में भी मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!