निकाय चुनाव : धोरीमन्ना में वोटिंग का जोश, उदयपुर में सबसे धीमी रफ्तार
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। पहले चरण में 76.41 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान के बाद अब दूसरे चरण में 147 निकायों के 4,774 वार्डों में मतदाता अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए वोट डाल रहे हैं। इस चरण में 9,758 मतदान केंद्रों पर 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता 18,266 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
सुबह 10 बजे तक सामने आए मतदान आंकड़ों में बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगर पालिका ने सबसे ज्यादा मतदान के साथ बढ़त बनाई। यहां 44.38 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं अलवर जिले की बड़ौदामेव नगर पालिका 44.02 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रही।
इसके बाद गंगानगर जिले की गजसिंहपुर में 42.51 प्रतिशत और झालावाड़ जिले की मनोहरथाना नगर पालिका में 42.34 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। फलोदी जिले की बाप नगर पालिका में भी सुबह 10 बजे तक 41.62 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।
बड़े शहरों में मतदान की रफ्तार धीमी
दूसरी तरफ प्रमुख शहरों में शुरुआती मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। उदयपुर नगर निगम में सुबह 10 बजे तक सिर्फ 12.06 प्रतिशत मतदान हुआ, जो दूसरे चरण में सबसे कम रहा। बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ नगर पालिका में 13.95 प्रतिशत, कोटा नगर निगम में 14.55 प्रतिशत और अजमेर नगर निगम में 14.58 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
राजधानी जयपुर में भी शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। यहां नगर निगम क्षेत्र में 16.23 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। दूसरे चरण में जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर समेत छह प्रमुख नगर निगमों में भी मतदान हो रहा है। बड़े शहरों में कम शुरुआती मतदान प्रतिशत के चलते मतदाताओं की भागीदारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
राज्यपाल समेत कई दिग्गजों ने डाला वोट
मतदान के दौरान प्रदेश के कई बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक चेहरे भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सुबह 10.40 बजे जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने मतदान को लोकतंत्र का पावन पर्व बताते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने पत्नी सुषमा महाजन और बेटी महिका महाजन के साथ मतदान किया। वहीं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पोद्दार मूक-बधिर स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने मतदान के बाद कहा कि इस बार प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली के सुमेरपुर में मतदान किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी कोटा में वोट डालने पहुंचे। वार्ड नंबर 83 के मतदाता बिरला ने स्प्रिंगडेल्स स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर कतार में लगकर मतदान किया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की।
जोधपुर में गहलोत और शेखावत ने किया मतदान
जोधपुर में भी प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने मतदान किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वोट डाला, जबकि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों नेताओं के मतदान के दौरान स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा होती रही।
कोटा में ऊर्जा मंत्री ने इंद्र विहार स्थित शिव ज्योति स्कूल के वार्ड नंबर 94 मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने पूर्व नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केवल बाहरी सजावट को विकास का नाम दिया गया, जबकि बुनियादी काम अधूरे हैं। उनके बयान के बाद कोटा की चुनावी राजनीति में बहस और तेज होने के संकेत हैं।
राजस्थान में इस बार 'वन स्टेट, वन इलेक्शन' की दिशा में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब अंतिम चरण में मतदाता अपने-अपने वार्डों के पार्षद चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।