Dark Mode
‘भूतनी का’ ने बढ़ाई ‘उड़ता तीर’ की हलचल

‘भूतनी का’ ने बढ़ाई ‘उड़ता तीर’ की हलचल

मुंबई। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘उड़ता तीर’ एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म के दमदार ट्रेलर के बाद अब मेकर्स ने इसका नया गाना ‘भूतनी का’ रिलीज कर दिया है। गाने के सामने आते ही फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ गई है।

‘भूतनी का’ को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। गाने को काका, ट्विंकल अग्रवाल और अमिताभ भट्टाचार्य ने अपनी आवाज दी है। गाने का म्यूजिक और इसकी तेज रफ्तार इसे अलग अंदाज देते हैं।

सचिन-जिगर ने बताया कि इस गाने को तैयार करने का अनुभव काफी मजेदार रहा। उनके मुताबिक, अमिताभ भट्टाचार्य के बोलों में शुरुआत से ही एक रहस्य और उत्सुकता बनी रहती है। इसी एहसास को संगीत में उतारने के लिए रफ्तार, साउंड और अरेंजमेंट के साथ कई प्रयोग किए गए। कोशिश रही कि गाना मनोरंजक होने के साथ-साथ हर पल किसी नए मोड़ का एहसास भी कराए।

सिंगर काका ने भी गाने को लेकर अपनी उत्सुकता साझा की। उन्होंने कहा कि रिकॉर्डिंग के दौरान उनके मन में लगातार यह सवाल था कि आखिर इस एनर्जेटिक और अनोखे गाने के पीछे फिल्म की कहानी क्या है। टीजर देखने के बाद उनकी उत्सुकता और बढ़ गई है और अब उन्हें फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

वहीं, ट्विंकल अग्रवाल ने बताया कि ‘भूतनी का’ की रिकॉर्डिंग के दौरान काफी एनर्जी बनाए रखनी पड़ी। उन्होंने कहा कि गाने के बोल में लगातार कुछ न कुछ घटता हुआ महसूस होता है, इसलिए हर शब्द को साफ तरीके से पेश करना जरूरी था। काका के साथ तालमेल बनाने का अनुभव भी उनके लिए खास रहा।

फिल्म ‘उड़ता तीर’ 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर और अब ‘भूतनी का’ के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच माहौल बनने लगा है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!