अमिताभ के घर लंच का सपना, वामिका के पिता की अनोखी शर्त
मुंबई। अभिनेत्री वामिका गब्बी ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प और भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता उनकी हर उपलब्धि को बेहद खास मानते थे और बेटी की कामयाबी के पलों को फोटो और वीडियो के जरिए संजोकर रखते थे। हालांकि, उनके लिए बेटी की सफलता का पैमाना कुछ अलग था।
वामिका के मुताबिक, उनके पिता का मानना था कि जिस दिन सदी के महानायक अमिताभ बच्चन खुद वामिका को अपने घर लंच पर बुलाएंगे, उस दिन वह मानेंगे कि उनकी बेटी ने वास्तव में बड़ी सफलता हासिल कर ली है।
पिता की इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वामिका ने एक बार अमिताभ बच्चन को चिट्ठी भी लिखी थी। उन्होंने बताया कि पत्र में उन्होंने बड़ी चालाकी से अपने पिता की लंच वाली इच्छा का जिक्र कर दिया था। अभिनेत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि शायद यह पढ़कर अमिताभ बच्चन उन्हें अपने घर भोजन के लिए बुला लेंगे।
वामिका ने माना कि चिट्ठी में इस तरह की बात लिखना थोड़ी ‘बेशर्मी’ थी, लेकिन वह अपने पिता का सपना पूरा होते देखना चाहती थीं। अमिताभ बच्चन की ओर से उन्हें जवाब भी मिला। हालांकि, पत्र में लंच का कोई निमंत्रण नहीं था।
अभिनेत्री ने मजेदार अंदाज में बताया कि वह अमिताभ के जवाब को नीचे तक पढ़ती रहीं और उम्मीद करती रहीं कि शायद कहीं खाने के बारे में लिखा हो कि वेज होगा या नॉन-वेज। उनकी यह बात सुनकर शो में मौजूद दर्शकों और मेहमानों के बीच हंसी का माहौल बन गया।
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने वामिका के सामने उनके पिता की इच्छा पूरी करने का एक दिलचस्प रास्ता रखा। उन्होंने कहा कि वामिका के सामने 10 सवालों का एक राउंड रखा जाएगा। अगर वह सभी 10 सवालों के सही जवाब दे देती हैं, तो अमिताभ उन्हें अपने घर खाने पर बुलाएंगे।
बिग बी की यह बात सुनकर वामिका काफी खुश नजर आईं। अभिनेत्री शो में राजकुमार राव के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘प्रहार’ के प्रमोशन के लिए पहुंची थीं। पिता के इस प्यारे सपने और अमिताभ के मजेदार ऑफर ने शो के दौरान खास पल बना दिया।