अश्विन ने उस्मान तारिक का किया समर्थन
नई दिल्ली। पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन को लेकर छिड़ी बहस अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हलकों में गर्मा गई है। इस विवाद के बीच भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने खुलकर तारिक का समर्थन किया है।
दरअसल, पूर्व क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने सोशल मीडिया पर तारिक के रन-अप के दौरान रुकने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने इसकी तुलना फुटबॉल के उस नियम से की, जिसमें पेनल्टी लेते समय खिलाड़ी को रन-अप में रुकने की अनुमति नहीं होती। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अश्विन ने नियमों में संतुलन की बात उठाई।
अश्विन ने लिखा कि यदि बल्लेबाज बिना पूर्व सूचना के स्विच-हिट या रिवर्स शॉट खेल सकता है, तो फिर गेंदबाज को भी कुछ लचीलापन मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि गेंदबाज अपने हाथ बदलने जैसे फैसले बिना अंपायर को बताए नहीं ले सकता, जबकि बल्लेबाज को ऐसी छूट है—ऐसे में नियमों पर फिर से विचार होना चाहिए।
हालांकि, उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना भी करना पड़ा। इसके जवाब में अश्विन ने स्पष्ट किया कि किसी भी गेंदबाजी एक्शन की वैधता का फैसला आईसीसी की आधिकारिक जांच प्रक्रिया से ही हो सकता है। उन्होंने 15-डिग्री कोहनी नियम का जिक्र करते हुए कहा कि मैदान पर खड़े अंपायर के लिए इसे तुरंत आंकना आसान नहीं है और इसके लिए तकनीकी व्यवस्था जरूरी है।
क्रीज पर रुकने को लेकर उन्होंने साफ कहा कि अगर यह गेंदबाज की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, तो इसे अवैध नहीं माना जाना चाहिए। अश्विन के मुताबिक, ऐसे मामलों में जल्दबाजी में आरोप लगाना उचित नहीं है।
उधर, उस्मान तारिक हाल ही में अमेरिका के खिलाफ मैच में तीन विकेट लेकर चर्चा में आए थे। उनकी इस प्रदर्शन के बाद ही उनके एक्शन पर सवाल फिर से तेज हुए हैं।
क्रिकेट जगत में अब यह बहस नियमों की समानता और तकनीकी जांच की पारदर्शिता तक पहुंच गई है।