बास डे लीडे का जलवा, नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हराया
नई दिल्ली। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में नीदरलैंड ने दमदार खेल दिखाते हुए नामीबिया को 7 विकेट से मात दी। इस जीत के हीरो रहे बास डे लीडे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख पलट दिया।
157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत लड़खड़ा गई। मैक्स ओ’डाउद जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे टीम दबाव में आ गई। लेकिन तीसरे नंबर पर उतरे बास डे लीडे ने जिम्मेदारी संभाली और संयम के साथ आक्रामक बल्लेबाजी की।
डे लीडे ने 48 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से नाबाद 72 रन बनाए। उन्होंने माइकल लेविट और कोलिन एकरमैन के साथ अहम साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ उनकी अंतिम साझेदारी ने जीत को आसान बना दिया।
नीदरलैंड ने 18 ओवर में 3 विकेट पर 159 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच का विजयी चौका भी बास डे लीडे के बल्ले से निकला, जिसने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया ने 8 विकेट पर 156 रन बनाए। निकोल लोफ्टी-ईटन ने 42 रन की अहम पारी खेली, जबकि जान फ्राइलिंक और जेजे स्मिट ने भी उपयोगी योगदान दिया। कप्तान गेरहर्ड इरासमस ने तेज 18 रन जोड़े।
गेंदबाजी में नीदरलैंड की ओर से बास डे लीडे और लोगान वान बीक ने दो-दो विकेट लिए। आर्यन दत्त और फ्रेड क्लासेन ने भी सटीक गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बास डे लीडे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।