घर में खोल रखा था अवैध हथियार बनाने कारखाना
जोधपुर। फलोदी जिला पुलिस और डीएसटी फलोदी ने मिलकर अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ कलपुर्जाें को बरामद किया है।
फलोदी जिला पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि जिला विशेष टीम फलोदी व बाप थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुऐ अवैध हथियार बनाने के कारखाने का खुलासा किया है। कारखाने से निर्मित 05 टोपीदार बंदूक, एक देशी कटटा, कुछ अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के दर्जनों औजार, भारी मात्रा में कल-पुर्जे, सामग्री जब्त करने में सफलता मिली है। एक अन्य कार्यवाही में एक टोपीदार बंदूक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि 1 अप्रेल से 30 अप्रेल तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत सभी थानाधिकारी गण तथा जिला स्पेशल टीम फलोदी को अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। शनिवार को डीएसटी फलोदी को सूचना मिली कि बाप थाना क्षेत्र के मौला बक्श पुत्र मलूक खां निवासी चूहडों की बस्ती, भडला अवैध हथियार बनाता है। उसके घर पर दबिश दी जाए तो अवैध हथियार बनाने का कारखाना व भारी मात्रा में अवैध हथियार मिल सकते है।
सूचना पर एएसपी फलौदी ब्रजराज सिंह चारण व सीओ फलोदी अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में थाना बाप से थानाधिकारी रमेश कुमार ढाका मय जाब्ता व डीएसटी प्रभारी एएसआई प्रदीप ने मौलाबक्श के घर पर दबिश दी। जहां पर आरोपी मौलाबक्श द्वारा अपने घर के पीछे कच्चे छपरे में अवैध हथियार बनाने का कारखाना खोल रखा था।