Dark Mode
बीमार पिता को बिस्तर से घसीटकर पीटा

बीमार पिता को बिस्तर से घसीटकर पीटा

जयपुर। शहर के नांगल नाही क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट और जमीन हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता होटी देवी (65) ने अपने बेटे राजेश उर्फ राजू और बहू पूजा देवी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उनका बेटा राजेश नशे का आदी है और वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर आए दिन परिवार तथा आसपास के लोगों से गाली-गलौच और झगड़ा करता है। उन्होंने कहा कि उनके पति हरिनारायण शर्मा (72) का 2 महीने पहले गांठ का ऑपरेशन हुआ है, जिसके कारण वे बिस्तर पर हैं। हरिनारायण शर्मा के 2 बेटे और 3 बेटियां हैं। बड़ा बेटा बाबूलाल शर्मा है जबकि राजेश छोटा बेटा है। उनकी तीन बेटियों में छोटी बेटी ममता 2 महीने से माता-पिता के पास ही रहकर उनकी सेवा कर रही थी। छोटे बेटे-बहू ने जमीन हड़पने के लिए बीमार पिता को बिस्तर से घसीटा घटना 18 अप्रैल की रात करीब 8 बजे की है, जब आरोपियों ने कथित तौर पर बुजुर्ग दंपति पर मकान और जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्होंने बीमार पिता को बिस्तर से घसीटकर बाहर निकाल दिया और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची होटी देवी और उनकी बेटी के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। पीड़िता का कहना है कि आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय राजेश ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी और अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया। पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामला थाना खोराबिसल का है। थानाप्रभारी सुरेश चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों में 18 अप्रैल की रात झगड़ा होने की सूचना पर मौके पर पुलिस भेजकर मामला शांत करवाया गया था। एक पक्ष ने मारपीट पर आरोप लगाते हुए चोट लगने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!