Dark Mode
गैंगस्टर गोदारा गैंग से जुड़े आरोपी चढे एजीटीएफ के हत्थे

गैंगस्टर गोदारा गैंग से जुड़े आरोपी चढे एजीटीएफ के हत्थे

जयपुर। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) जयपुर ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करधनी इलाके से दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सुजानगढ़ फायरिंग मामले में वांछित कृष्ण सिंह (31) निवासी रतनगढ़ (चूरू) और कई गंभीर मामलों में फरार लक्ष्मण सिंह (34) निवासी नावां सिटी (डीडवाना-कुचामन) शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ दिनेश एमएन ने बताया कि कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन और पुलिस उप अधीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि कृष्ण सिंह वर्ष 2023 में चूरू के सुजानगढ़ स्थित जेडीजे ज्वैलर्स शोरूम में हुई फायरिंग की घटना में शामिल था और पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेन्द्र चारण के संपर्क में रहकर कारोबारियों को धमकाने व रंगदारी वसूली में शामिल था। वह परबतसर में हत्या के एक मामले में पहले जेल जा चुका है। वहीं दूसरा आरोपी लक्ष्मण सिंह भी आपराधिक प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, चेन स्नेचिंग सहित 27 मामले दर्ज हैं। वह वैशाली नगर, मकराना और नावां सिटी थाना क्षेत्रों के मामलों में न्यायालय से फरार चल रहा था।एजीटीएफ टीम दोनों आरोपियों से गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है, जिससे बड़े खुलासे होने की संभावना है।

इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व प्लाटून कमांडर सोहन सिंह ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल महेश सोमरा, होशियार सिंह, प्रवीण कुमार, जुगन सिंह, महावीर सिंह तथा कांस्टेबल मोहित महला, जगदीप, जितेन्द्र और सुरेन्द्र शामिल रहे। पुलिस ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!