Dark Mode
घर के बाहर सो रहे युवक का गला रेतकर कत्ल, पिता के बगल में हुई हत्या

घर के बाहर सो रहे युवक का गला रेतकर कत्ल, पिता के बगल में हुई हत्या

सीवान। जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के हरिहर छपरा गांव में अपराधियों ने एक 20 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि युवक अपने घर के दरवाजे पर पिता के बगल में सोया हुआ था, लेकिन हत्यारों ने वारदात को इतनी खामोशी से अंजाम दिया कि पास में सो रहे पिता को भी इसकी भनक तक नहीं लगी। बुधवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भीखपुर पंचायत के हरिहर छपरा गांव निवासी राकेश कुमार राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राकेश बाहर रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटा था। मंगलवार की रात वह अपने घर के बाहर दरवाजे पर सोया था। देर रात अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया और फरार हो गए। बुधवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो दरवाजे पर खून से सना शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है तथा हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। परिजनों के अनुसार राकेश का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। यही वजह है कि हत्या के पीछे की मंशा को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बताया गया कि राकेश अविवाहित था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पिता और बड़ा भाई राजू राय हैं, जो ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। युवक की हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत और मायूसी का माहौल है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!