जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, चार आरोपित फरार
भरतपुर। जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के गमोडकी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार देर रात की है। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
मामले में गमोडकी गांव निवासी 46 वर्षीय जगतार सिंह की गोली लगने से मौत हो गई।
थानाधिकारी मुकेश चैंची ने बताया कि मृतक के छोटे भाई जगजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले जगजीत सिंह ने गांव में 200 गज का प्लॉट खरीदा था। इसी प्लॉट को लेकर गांव के ही अमरीक सिंह, जसवंत सिंह, राजू और सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी के साथ विवाद चल रहा था। आरोपित इस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे, जिससे दोनों पक्षों में रंजिश बनी हुई थी।
बुधवार रात चारों आरोपित मृतक के घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जगतार सिंह बाहर आए और उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस दौरान अमरीक, जसवंत और राजू ने जगतार को पकड़ लिया, जबकि सुखविंदर ने कट्टा निकालकर उसकी जांघ पर गोली मार दी।
गोली लगते ही जगतार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन घायल जगतार को तुरंत सीकरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि वारदात मृतक के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई। जगतार सिंह खेतीबाड़ी करता था और उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित अमरीक, जसवंत और सुखविंदर आपस में रिश्तेदार हैं, जबकि राजू उनका साथी है। सभी आरोपित घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।