कलाई ने फिर रोका अल्काराज का रास्ता, सिनसिनाटी ओपन से हटे
ओहायो। स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज की कोर्ट पर वापसी एक बार फिर टल गई है। लगातार बनी हुई कलाई की चोट के कारण उन्होंने सिनसिनाटी ओपन से नाम वापस ले लिया है। टूर्नामेंट आयोजकों ने बुधवार को उनके हटने की पुष्टि की और 2025 के चैंपियन को जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
अल्काराज के इस फैसले से अब उनकी अमेरिकी हार्ड-कोर्ट सीजन में वापसी को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। खास तौर पर यूएस ओपन में अपने खिताब का बचाव करने की उनकी तैयारी पर नजरें टिकी हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह यूएस ओपन से पहले किसी अन्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे या नहीं।
अल्काराज ने आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला अप्रैल में बार्सिलोना ओपन में खेला था। इसके बाद कलाई की चोट के कारण उन्हें लगातार कई बड़े टूर्नामेंट से बाहर रहना पड़ा। वह इटालियन ओपन, फ्रेंच ओपन और विंबलडन में भी हिस्सा नहीं ले सके।
सिनसिनाटी में अल्काराज का प्रदर्शन खास रहा है। वह 2025 में यहां चैंपियन बने थे और इस बार भी टूर्नामेंट के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल थे। ऐसे में उनके हटने से प्रतियोगिता के मौजूदा चैंपियन का खिताब बचाने का अभियान शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया है।
इस साल अल्काराज ने शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। इसके बाद उन्होंने दोहा में भी खिताब अपने नाम किया और मोंटे-कार्लो मास्टर्स के फाइनल तक पहुंचे। चोट के कारण हालांकि उनका सीजन अप्रैल के बाद से लगभग थम गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अल्काराज पूरी तरह फिट होकर कब प्रतिस्पर्धी टेनिस में लौटेंगे। यूएस ओपन का मुख्य दौर अगस्त के अंत में शुरू होना है और टूर्नामेंट से पहले उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनी रहेगी।