Dark Mode
दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसा, 8 छात्रों की डूबने से मौत

दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसा, 8 छात्रों की डूबने से मौत

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार को एक पिकनिक अचानक मातम में बदल गई। श्रीवर्धन तहसील के दिवेआगर बीच पर समुद्र में नहाने के दौरान आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने समुद्र में तलाशी अभियान शुरू किया। शुरुआती अभियान में सात छात्रों के शव बरामद हुए, जबकि एक छात्र की तलाश जारी थी। बाद में आठवें छात्र का शव भी मिल गया।

जानकारी के मुताबिक, पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 11वीं और 12वीं कक्षा के विज्ञान वर्ग के करीब 30 से 40 छात्र पर्यटन के लिए दिवेआगर पहुंचे थे। छात्र समुद्र तट पर घूमने और खेलने के दौरान पानी में उतर गए। इसी दौरान कुछ छात्र नहाने लगे और देखते ही देखते आठ छात्र समुद्र में डूब गए।

बताया जा रहा है कि छात्रों को समुद्र की गहराई का सही अंदाजा नहीं था। पानी में उतरने के बाद वे गहरे हिस्से की ओर चले गए और मुश्किल में फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और संबंधित टीमों ने बचाव एवं तलाशी अभियान शुरू किया।

हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान यश किरण वानखेडे, सोहम तुकाराम भांडवलकर, तन्मय दत्तात्रय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवीर वहिले, प्रणव बनसोडे और सुमित अहिरे के रूप में हुई है।

सभी शव बरामद होने के बाद प्रशासन ने आगे की कानूनी और आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिवेआगर बीच पर पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद हैं। घटनास्थल पर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पिकनिक के लिए निकले छात्रों के समूह में एक साथ आठ मौतों की खबर से परिवारों में शोक की लहर है। हादसे की सूचना मृतक छात्रों के परिजनों को दे दी गई है। जिस समुद्र तट पर छात्र घूमने और खुशियां मनाने पहुंचे थे, वहीं कुछ देर बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!