Dark Mode
जनता परेशान, सरकार बेखबर,शिक्षा चौपट, रसोई लुटी,सरकारी ठेकों में लूट, ये सरकार का 3 साल का रिपोर्ट कार्ड : नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली

जनता परेशान, सरकार बेखबर,शिक्षा चौपट, रसोई लुटी,सरकारी ठेकों में लूट, ये सरकार का 3 साल का रिपोर्ट कार्ड : नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली

अलवर। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को मोती डूंगरी स्थित कार्यालय में प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में जूली ने शिक्षा से लेकर महंगाई और भ्रष्टाचार तक हर मोर्चे पर सरकार को घेरा।

शिक्षा पर वार - मंत्री को शिक्षा से ज्यादा दूसरे विषयों में रुचि
जूली ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। स्कूलों में पद खाली, सुविधाएं बदतर और सरकार का बजट नदारद। उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री को शिक्षा के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय गैर-जरूरी विषयों में ज्यादा सक्रियता दिख रही है। कांग्रेस पहले दिन से छात्रों की आवाज उठा रही है और सरकार को स्कूलों में सुविधाएं और भर्ती के लिए मजबूर करेगी।

महंगाई पर प्रहार,रसोई का बजट बिगड़ा, सरकार की नीति गायब
महंगाई को लेकर जूली ने कहा कि दाल, तेल, चीनी, आटा... आम आदमी की थाली से सब गायब हो रहा है। बाजार में लूट मची है और सरकार में निगरानी नाम की कोई चीज नहीं है। एथनॉल के लिए गन्ने के इस्तेमाल पर सरकार की कोई स्पष्ट नीति नहीं है, जिसका खामियाजा सीधे चीनी के दाम बढ़ने के रूप में जनता भुगत रही है।

भ्रष्टाचार पर सबसे बड़ा बम - सफाई और JCB खरीद में घोटाला
जूली ने भ्रष्टाचार का सबसे सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सफाई के ठेकों की राशि में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई, लेकिन जमीन पर कचरा जस का तस है। पैसा बढ़ा लेकिन व्यवस्थाएं नहीं। जूली ने दावा किया कि जो JCB मशीन दिल्ली में सस्ती मिल रही है, वही अलवर नगर निगम में करीब 10 लाख रुपये महंगी खरीदी जा रही है। ये अंतर क्यों? किसकी जेब भर रही है? जूली ने पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी के भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के पास न नीति है, न नियत और न प्लानिंग। कांग्रेस अपना रिपोर्ट कार्ड और भाजपा सरकार के 3 साल के कुशासन का कच्चा-चिट्ठा लेकर जनता के बीच जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!