होटल में शेयर कारोबारी की रहस्यमयी मौत, दोस्तों पर हत्या का शक
Jaipur : नारायण विहार थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में शेयर मार्केट से जुड़े कारोबारी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक पड़ताल में मौत के पीछे मारपीट की आशंका जताई जा रही है, जबकि मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार गांधी पथ स्थित नित्यानंद नगर निवासी 38 वर्षीय गुरु प्रसाद चौधरी का शव बजरी मंडी के पास स्थित एक होटल के कमरे में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच में सामने आया है कि गुरु प्रसाद पिछले दो दिनों से अपने कुछ दोस्तों के साथ होटल में ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है कि इस दौरान कमरे में पार्टी भी चल रही थी। मंगलवार शाम को उसके साथ मौजूद सभी लोग होटल से निकल गए, जबकि देर रात होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खुला देखकर अंदर जांच की तो गुरु प्रसाद अचेत अवस्था में मिला।
मृतक के बड़े भाई गुरु चरण सिंह ने आरोप लगाया कि जब परिवार होटल पहुंचा तो गुरु प्रसाद के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दिए। कमरे में मौजूद बिस्तर की चादर पर भी खून के धब्बे मिले। इसके बाद परिवार ने दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की आशंका मजबूत हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ हो सकता है, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
मामले की जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि होटल से निकलने के बाद कुछ युवकों ने वाहन में बैठकर फेसबुक लाइव किया था। इस वीडियो में राजेश कुमावत, सुरेश गुर्जर, गौरीशंकर, श्रवण कुमावत सहित अन्य युवक नजर आए थे। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया गया।
पुलिस अब वीडियो की जांच के साथ-साथ उसमें दिखाई देने वाले लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस होटल में घटना हुई, उसका संबंध आरोपी बताए जा रहे एक युवक के परिवार से है।
नारायण विहार थाना पुलिस फरार युवकों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।