Dark Mode
जुआरियों संग दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

जुआरियों संग दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

Jaipur : जयपुर दक्षिण जिले में अपराधियों, जुआरियों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्याम नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक होटल में चल रहे जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया, वहीं दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटरों को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ दबोच लिया। पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा तथा एसीपी सोडाला सत्येंद्र सिंह नेगी एवं सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में श्याम नगर थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

 

होटल में छापा,पांच जुआरी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर न्यू सांगानेर रोड स्थित होटल सैफायर स्टे के कमरा नंबर-103 में पुलिस ने छापा मारा। यहां ताश के पत्तों पर रुपए की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मौके से 52 ताश के पत्ते और 36 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस होटल संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार जुआरियों में रोहित मेहरा, फिरोज खान, इसराख खान, फिरोज खान एवं सलमान कुरेशी शामिल हैं।

 

हिस्ट्रीशीटर तेजपाल 52 पव्वों के साथ गिरफ्तार

एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस ने सुंदर नगर क्षेत्र में दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर तेजपाल राजपूत को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 52 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। जांच में सामने आया कि वह एक अन्य हिस्ट्रीशीटर कमली सांसी के मकान से अवैध शराब बेच रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के कई मामले पहले से न्यायालय में लंबित हैं।

 

22 मुकदमों वाला विक्की सांसी भी दबोचा

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विक्की सांसी को 60 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। विक्की सांसी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त बताया जा रहा है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!