आज शेयर बाजार में रही गिरावट
सेंसेक्स 365 अंक फिसलकर 65,322 पर बंद, इसके 30 शेयरों में से 23 में गिरावट
मुंबई . शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (11 अगस्त) को गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 365 अंक फिसलकर 65,322 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 114 अंकों की गिरावट देखने को मिली, ये 19,428 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट और 7 में तेजी देखने को मिली है।
आज ONGC सहित कई कंपनियों के नतीजे
आज कई कई कंपनियों के Q1FY24 यानी पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के रिजल्ट्स अनाउंस होने हैं। आज जिन कंपनियों के नतीजे आने हैं उनमें ONGC, नायका, जायडस लाइफ साइंसेस, अपोलो हॉस्पिटल, ग्लेनमार्क फार्मा, स्पाइसजेट, BEML, कोचीन शिपयार्ड, सिटी यूनियन बैंक, गार्डेन रीच शिपबिल्डर्स, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, IRFC, NMDC, पावर फाइनेंस, सन टीवी और वोल्टास शामिल हैं।
पहली तिमाही में LIC का नेट प्रॉफिट 1300% बढ़ा
देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी LIC ने कल Q1FY24 यानी पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के रिजल्ट्स अनाउंस किए। पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 1,300% बढ़कर 9,544 करोड़ रुपए रहा। इन्वेस्टमेंट पर ज्यादा इनकम के चलते कंपनी के मुनाफे में यह बढ़त देखने को मिली है।
लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) को एक साल पहले की समान तिमाही में 682 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ था। इस तिमाही में कंपनी का ग्रॉस NPA 2.48% रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 5.84% था। कंपनी का नेट NPA पिछले साल के बराबर शून्य ही रहा है।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी गुरुवार (10 अगस्त) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 307 अंक टूटकर 65,688 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 89 अंको की गिरावट देखने को मिली, ये 19,543 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 में तेजी और 19 में गिरावट देखने को मिली थी।