शाल्मली का ‘इम्प्रेशन’ बना महिलाओं की नई सोच की आवाज
मुंबई। बॉलीवुड म्यूजिक में अब रिश्तों और प्यार को देखने का नजरिया तेजी से बदल रहा है। जहां पहले के गानों में महिलाओं को अक्सर इंतजार और त्याग की भूमिका में दिखाया जाता था, वहीं आज के गीत आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की बात करते हैं। इसी सोच की झलक शाल्मली खोलगड़े के नए ट्रैक ‘इम्प्रेशन’ में साफ नजर आती है।
‘परेशान’, ‘बलम पिचकारी’ और ‘लत लग गई’ जैसे सुपरहिट गानों से पहचान बना चुकी शाल्मली ने इस बार कुछ अलग करने की कोशिश की है। उनके मुताबिक, यह गाना आज के दौर के रिश्तों को दर्शाता है, जहां आकर्षण दिखावे से नहीं, बल्कि खुद पर भरोसे और संतुलन से पैदा होता है।
शाल्मली का कहना है कि ‘इम्प्रेशन’ उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इसमें उन्होंने गायन के साथ-साथ डांस के जरिए भी खुद को अभिव्यक्त किया है। म्यूजिक वीडियो में वह पूरे आत्मविश्वास के साथ परफॉर्म करती नजर आती हैं, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुराने दौर के गानों में महिलाओं की भावनाओं को सीमित दायरे में बांध दिया जाता था। प्रेम को सिर्फ इंतजार और त्याग से जोड़ दिया गया था, लेकिन आज की महिलाएं इससे कहीं आगे हैं। वे अपने फैसले खुद लेती हैं और रिश्तों की दिशा भी खुद तय करती हैं।
शाल्मली मानती हैं कि अब महिलाएं सिर्फ हालात के भरोसे नहीं रहतीं, बल्कि अपनी भावनाओं और इच्छाओं को खुलकर जाहिर करती हैं। ‘इम्प्रेशन’ इसी सोच को संगीत के जरिए सामने लाने की कोशिश है।
फैंस को यह गाना न सिर्फ म्यूजिक के लिए पसंद आ रहा है, बल्कि इसके मैसेज को भी सराहा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह ट्रैक युवाओं और खासकर महिलाओं के बीच खास जगह बना सकता है।