Dark Mode
लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचे शाहरुख, गौरी-सुहाना भी साथ

लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचे शाहरुख, गौरी-सुहाना भी साथ

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान सोमवार रात पत्नी गौरी खान और बेटी सुहाना खान के साथ मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। गणपति उत्सव के मौके पर परिवार ने पंडाल में पहुंचकर आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान शाहरुख के साथ उनकी मैनेजर पूजा ददलानी भी मौजूद थीं।

दर्शन के दौरान शाहरुख और गौरी के बीच के कुछ खास पल कैमरे में कैद हो गए। वहीं, सुहाना के साथ भी गौरी का एक प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। दर्शन के बाद सुहाना की नाक और आंख के आसपास सिंदूर लगा नजर आया। इसके बाद गौरी ने अपने दुपट्टे की मदद से बेटी के चेहरे को धीरे-धीरे साफ किया और उसकी आंखों में हो रही जलन को शांत करने की कोशिश की।

गणपति दर्शन के लिए शाहरुख पारंपरिक नीले रंग के कुर्ते में नजर आए। गौरी ने पीले रंग का एथनिक सूट पहना था, जबकि सुहाना हरे रंग के ट्रेडिशनल आउटफिट में दिखाई दीं। परिवार का यह सादगी भरा अंदाज लोगों को पसंद आया।

इस बार लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान शाहरुख, गौरी और सुहाना साथ नजर आए, जबकि आर्यन खान और अबराम खान पंडाल में परिवार के साथ दिखाई नहीं दिए। शाहरुख के लिए लालबागचा राजा के दर्शन कोई नई बात नहीं है। वह इससे पहले भी यहां पहुंच चुके हैं। साल 2023 में वह छोटे बेटे अबराम और पूजा ददलानी के साथ इस प्रसिद्ध गणपति पंडाल में पहुंचे थे।

कुछ दिन पहले ही एक 'आस्क एसआरके' सेशन के दौरान एक फैन ने शाहरुख से उनके परिवार के गणपति उत्सव के बारे में सवाल किया था। जवाब में अभिनेता ने बताया था कि उनकी पत्नी आरती और प्रार्थना करती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि बच्चे और दोस्त इस दौरान एक साथ जुटते हैं और परिवार के बीच खूब हंसी-मजाक होता है।

शाहरुख ने पहले अपने परिवार को लेकर यह भी बताया है कि उन्होंने और गौरी ने अपने तीनों बच्चों आर्यन, सुहाना और अबराम को अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के सम्मान वाले माहौल में पाला है। गणपति उत्सव के दौरान शाहरुख की यह मौजूदगी इसी पारिवारिक परंपरा की एक और झलक के तौर पर देखी जा रही है। इससे पहले वह अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में भी नजर आए थे।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!