Dark Mode
परिणीति बोलीं- मां बनने के बाद शरीर में बदलाव खूबसूरत, ट्रोलिंग क्यों?

परिणीति बोलीं- मां बनने के बाद शरीर में बदलाव खूबसूरत, ट्रोलिंग क्यों?

मुंबई। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने महिलाओं के शरीर को लेकर सोशल मीडिया पर की जाने वाली टिप्पणियों पर खुलकर अपनी बात रखी है। खासकर मां बनने के बाद महिलाओं के शरीर में आने वाले बदलावों को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर उन्होंने सवाल उठाया। उनका कहना है कि बच्चे को जन्म देने के बाद शरीर में बदलाव होना पूरी तरह स्वाभाविक प्रक्रिया है और इसे नकारात्मक नजर से देखने की जरूरत नहीं है।

कैटरीना कैफ की पोस्टपार्टम बॉडी को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के संदर्भ में परिणीति ने कहा कि उन्हें ऐसी बातें बेहद अजीब और पिछड़ी सोच वाली लगती हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर बच्चे को जन्म देने वाली महिला के शरीर में आए बदलाव चर्चा का विषय क्यों बन जाते हैं और अगर चर्चा होती भी है तो उसे नकारात्मक तरीके से क्यों देखा जाता है।

परिणीति ने कहा कि एक महिला नौ महीने तक अपने भीतर एक बच्चे को पालती है। इस दौरान उसके शरीर में कई जरूरी बदलाव आते हैं, जो स्वस्थ बच्चे के जन्म की प्रक्रिया का हिस्सा हैं। ऐसे बदलावों को लेकर शर्मिंदा करने के बजाय उन्हें समझने और सम्मान देने की जरूरत है।

अभिनेत्री ने इसे एक उदाहरण से समझाते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति छुट्टियां मनाने मालदीव जाता है और उसकी त्वचा टैन हो जाती है, तो वह उस अनुभव की एक निशानी होती है। इसी तरह जिम जाने से शरीर में आए बदलाव भी मेहनत की पहचान माने जाते हैं। फिर बच्चे को जन्म देने के बाद शरीर पर आए बदलावों को लेकर नकारात्मक सोच क्यों रखी जाए?

सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर परिणीति ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अनजान लोगों की टिप्पणियों को अपने ऊपर हावी नहीं होने देतीं। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर ज्यादा समय नहीं बितातीं और अपनी जिंदगी, परिवार, दोस्तों तथा निजी समय को प्राथमिकता देती हैं। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति की टिप्पणी उनके लिए ज्यादा मायने नहीं रखती।

परिणीति ने आखिर में कहा कि उनके लिए बच्चे के जन्म के बाद शरीर में आया हर बदलाव खूबसूरत है। उनके मुताबिक, ये बदलाव इस बात की याद दिलाते हैं कि एक महिला ने अपने भीतर एक नई जिंदगी को जन्म दिया है। इसी वजह से मातृत्व से जुड़े शारीरिक बदलावों को आलोचना नहीं, बल्कि सम्मान की नजर से देखा जाना चाहिए।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!