स्काउट गाइड के बिगनर्स कोर्स का हुआ आयोजन
बून्दी। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ के तत्वाधान में शहर के पेच ग्राउंड स्थित स्काउट गाइड भवन पर मंगलवार को एकदिवसीय यूनिट लीडर बिगनर्स कोर्स प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय संघ सचिव लीडर ट्रेनर देवी सिंह सैनानी, संयुक्त सचिव हिमालय वुड बैज यूनिट लीडर डॉ सर्वेश तिवारी, ट्रेनिंग काउंसलर बुद्धि प्रकाश पुंडीर व रोवर लीडर जितेंद्र शर्मा मुख्य प्रशिक्षक रहें। समापन सत्र पर संगठन के आजीवन सदस्य सामाजिक कार्यकर्ता रघुवीर सिंह सादावत, सीओ स्काउट सुरेंद्र कुमार मेहरड़ा व सीओ गाइड कृतिका पाराशर ने शिरकत कर प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
सैद्धांतिक सत्र में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में लीडर ट्रेनर देवी सिंह सेनानी ने स्काउटिंग गाइडिंग के उद्देश्य,सिद्धांत एवम् मूलभूत नियम से प्रशिक्षणार्थियों को रूबरू करवाया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग गाइडिंग नई पीढ़ी के ज्ञान चरित्र एवं स्वावलंबन निर्माण के लिए संकल्पित है। प्रशिक्षण सत्र में उन्होंने व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण में स्काउटिंग गाइडिंग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
स्काउटिंग गाइडिंग की आवश्यकता व महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य प्रशिक्षक डॉ सर्वेश तिवारी ने कहा कि विश्व के 216 देश व उपनिवेशों में संचालित सबसे बड़ी गणवेशित संस्था के रूप में स्काउटिंग गाइडिंग 3 वर्ष से लेकर 25 वर्ष तक के बालक बालिकाओं के शारीरिक मानसिक बौद्धिक संवेगिक एवं सामाजिक विकास के विभिन्न क्रियाकलापों द्वारा उनका व्यक्तित्व उन्नयन करती है। इस प्रक्रिया में उन्हें विभिन्न पुरस्कार व अवार्ड बैज प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाता है। सीओ सुरेंद्र कुमार ने प्रायोगिक सत्र के अंतर्गत स्काउट गाइड की विभिन्न शाखों से जुड़े आदर्श वाक्य चिन्ह सैल्यूट, बायां हाथ मिलाना तथा स्काउटिंग गाइडिंग से व्यक्तित्व विकास की जानकारी दी। ट्रेनिंग काउंसलर एवं रोवर लीडर जितेंद्र शर्मा ने युवा बालक बालिकाओं की शाखा रोवरिंग व रेंजरिंग तथा किशोर अवस्था से जुड़ी स्काउटिंग गाइडिंग के अवार्ड तथा सम्मान स्कीम का प्रशिक्षण प्रदान किया।
सैद्धांतिक व प्रायोगिक दो सत्रों में आयोजित स्काउट गाइड के प्रशिक्षण शिविर के इस प्रारंभिक यूनिट लीडर ट्रेनिंग कोर्स के तहत विभिन्न शाखाओं व प्रशिक्षण विधाओं से जुड़े प्रशिक्षकों द्वारा विस्तृत व गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। स्काउट गाइड प्रार्थना के साथ शुरू हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेंजरमेट ज्योत्सना कुमावत व दीपिका मंगल के नेतृत्व में रेंजर गाइड द्वारा गार्ड ऑफ़ ऑनर, करतल ध्वनि तथा जनरल सैल्यूट से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। डॉ तिवारी ने स्काउट प्रतिज्ञा का दौहरान करवाया। ट्रेनिंग काउंसलर व कोषाध्यक्ष स्थानीय संघ बुद्धि प्रकाश पुंडीर ने स्वागत उद्बोधन द्वारा संभागियों का अभिनंदन किया।
आयोजन में कन्या महाविद्यालय यूनिट लीडर असिस्टेंट प्रोफेसर अरुणा अग्रवाल, बालिका विकास नगर से गाइड कैप्टन मिथलेश मीना, लिटिल एंजिल स्कूल से यूनिट लीडर हंसराज चौधरी, गगनदीप सिंह, रोवर मेट आतिश वर्मा, कृष्णा पब्लिक स्कूल से विनोद टेकवानी व विद्या शर्मा ने प्रतिवेदन व विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। जितेंद्र शर्मा ने आभार प्रकट किया।